शामली। गांव मीमला निवासी एडीओ कृषि जयदेव कुमार ने निजी अस्पताल में नवजात बच्चे को नर्सरी में रखकर गलत उपचार करने का आरोप लगाते हुए डीएम और सीएमओ से शिकायत की है।
जयदेव कुमार ने सोमवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर निजी अस्पताल के चिकित्सक दंपती पर आरोप लगाया कि रुपयों के लालच में नवजात बच्चों को इलाज के नाम पर भर्ती करते है और गलत उपचार करते हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे निजी अस्पताल में 22 अक्तूबर को उनके यहां बच्चे का जन्म हुआ। आरोपी चिकित्सक दंपती ने उन्हें गुमराह कर बच्चे को अपने अस्पताल में ले जाकर नर्सरी में भर्ती कर लिया। दो दिन तक चिकित्सक ने उन्हें बच्चे के बारे में कुछ नहीं बताया गया। जब बच्चे की हालत बिगड़ गई तो उन्होंने अपने बच्चे की जबरन छुट्टी कराई।
वे दिल्ली अस्पताल में बच्चे को उपचार के लिए ले जा रहे हैं। उन्होंने डीएम व सीएमओ से कार्रवाई की मांग की। एडीओ का कहना है कि वे बच्चे का उपचार कराने के बाद वे अधिकारियों से लिखित में शिकायत करेंगे।
सीएमओ डॉ. तृप्ति कुमार सक्सेना ने बताया कि वायरल वीडियो उनकी जानकारी में आया है। इस मामले में लिखित शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी।