शामली। कांधला ब्लॉक के गांव मखमूलपुर के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में तैनात सहायक शिक्षिका पूनम तोमर ने दूसरे विद्यालयों में नियुक्त दो शिक्षकों पर डिजिटल उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
एसपी से कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की। एसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाने पर आरोपी शिक्षकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में शिक्षिका ने आरोप लगाया कि पिछले तीन महीने से जिले के अन्य विद्यालयों में नियुक्त शिक्षक सुनील चौधरी और संजीव मलिक और उनके सहयोगी व्हाट्सएप ग्रुपों में उनके खिलाफ अभद्र कविताएं, टिप्पणियां और भ्रामक पोस्ट वायरल कर रहे हैं। आरोप है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कविताओं के जरिये उनका सार्वजनिक रूप से चरित्र हनन और ब्लैकमेलिंग की जा रही है।
शिक्षिका ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनका निजी आवासीय पता सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुपों में धमकी भरे संदेश देकर उन्हें और उनके परिवार को भयभीत किया जा रहा है। इससे उनकी सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
जांच अधिकारी साइबर क्राइम थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि एसपी के आदेश पर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। nएक महीने पहले एक्स पर वीडियो वायरल कर सीएम से लगाई थी गुहार : शिक्षिका पूनम तोमर ने तीन अक्तूबर को सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो व पोस्ट वायरल कर शिक्षा विभाग व पुलिस विभाग पर दो महीने बाद भी साइबर उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई थी।
शिक्षिका ने बताया था कि पिछले वर्ष 2025 में जनपद शामली के प्राथमिक शिक्षक विभाग के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का समूह राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम भारत स्काउट एंड एडवेंचर दल को लेकर शैक्षिक भ्रमण के लिए गोवा गया था। भ्रमण के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के नृत्य करने हुए वीडियो को एडिट कर दो माह पहले शिक्षकों के जिला स्तर पर बने व्हाट्सएप ग्रुप में साझा कर दिए गए।
शिक्षिका का कहना था कि इस मामले की शिकायत 29 जुलाई को शिक्षा विभाग और पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर निराश होकर उन्होंने न्याय की मांग का वीडियो वायरल किया था।