शामली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जनपद में सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। मुख्य कार्यक्रम शहर के वीवी इंटर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। डीएम के निर्देश पर सभी व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई है। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विधायक सहित सभी विभागों के अधिकारी और स्कूल, कॉलेजों के प्रधानाचार्य व शिक्षकगण उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही जनपद व शहर के स्कूल, कॉलेजों व अन्य स्थानों पर भी योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित होगे। योग स्थलों पर विभिन्न जांच शिविर व योगासनों का अभ्यास कराते हुए उससे होने वाले लाभ के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
21 जून को योग दिवस के चलते जनपद में सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम शहर के वीवी इंटर कॉलेज में सुबह पांच बजे से सात बजे तक आयोजित होगा। कॉलेज में दो दिन से लगातार तैयारी चल रही है। योग स्थल को पूरी तरह से सजा दिया गया है।
सभी तैयारियां पूरी हो गई है। सुबह से ही योग स्थल पर अधिकारियों ने पूूरी तैयारी कराई। यह कार्यक्रम भारतीय योग संस्थान नई दिल्ली की ओर से आयोजित होगा। इस दौरान विधायक तेजेंद्र निर्वाल, डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एडीएम केबी सिंह, सीडीओ रेणू तिवारी, एसपी देव रंजन वर्मा, एएसपी श्लोक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी के साथ ही शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी व प्रधानाचार्य व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा सभी को योगासनों का अभ्यास कराया जाएगा और उससे होने वाले लाभ के बारे में बताया जाएगा। योग स्थल पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा चिकित्सा जांच शिविर भी लगाए जाएंगे, जिसमें कोलेस्ट्राल व शुगर की जांच की जाएगी।
वहीं, शहर के हनुमान धाम स्थित रामलीला मैदान में योग प्रचार प्रसार समिति द्वारा सुबह 6 से 7 बजे तक योग कार्यक्रम आयोजित होगा। क्रीड़ा भारती द्वारा शहर के झिंझाना रोड स्थित एमएस फार्म हाउस पर सुबह 6.30 से 8 बजे तक कार्यक्रम होगा।
मुख्य अतिथि गुरु शंकराचार्य महाराज व विशिष्ट अतिथि डीआईओएस अनुराधा शर्मा रहेगी। वहीं, राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज में सुबह 6 से 8 बजे तक कार्यक्रम होगा।