शामली। नोटबंदी से परेशान लोगों को हो रही दिक्कतें दो दिन की बैंकों की छुट्टी ने और बढ़ा दी। बैंकों को यह गाइड लाइन दी गई थी कि दो दिन तक लोगों को एटीएम में पैसा डालकर कुछ राहत दी जाएगी, लेकिन यहां तो सब कुछ उलटा ही रहा।
शनिवार को महीने के अंतिम शनिवार की छुट्टी व रविवार की छुट्टी होने के कारण दो दिन बैंक बंद रहेंगे। जिसके कारण रिजर्व बैंक की गाइड लाइन के बाद बैंकों द्वारा लोगों की परेशानी कम करने के लिए एटीएम में पैसे डालने के निर्देश दिए गए थे। जिसके बाद भी शनिवार को शहर के किसी बैंक का एटीएम खुला नहीं मिला।
लोगों ने सोचा था कि बैंक से 24 हजार न सही घर के खर्च के लिए ढाई हजार से काम चला लेंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। शहर के सभी बैंकों के एटीएम पहले दिन ज्यादातर बंद मिले। वहीं कुछ खुले भी तो उनमें पैसा नहीं मिला।
जिसके बाद आस पास के गांव व शहर के लोग सुबह से ही शहर में लगे सभी बैंकों के एटीएम पर दौड़े नजर आए, लेकिन जो जहां भी गया उसे मायूसी के अलावा कुछ नहीं मिला। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आज रविवार होने के कारण भी छुट्टी रहेगी। जिसके कारण दूसरा दिन लोगों को टेंशन देने वाला ही रहेगा।