झिंझाना। हरियाणा सीमा से पिछले साल भारी मात्रा में शराब की तस्करी हुई है। झिंझाना पुलिस ने शराब तस्करी के 43 मामले दर्ज करने के साथ ही हजारों पेटी अंग्रेजी और देशी शराब पकड़ी। हालत यह है कि झिंझाना थाने में शराब रखने के लिए जगह नहीं बची है। गोदाम में जगह कम होने के कारण शराब को पुलिसकर्मियों की बैरक की छतों पर रखनी पड़ रही है।
थाना झिंझाना क्षेत्र हरियाणा प्रदेश की सीमा से सटा हुआ होने के कारण काफी सामान तस्करी कर यूपी में लाया जा रहा है। इसमें सबसे अधिक शराब की तस्करी होती है। कारण हरियाणा और यूपी में शराब के दामों में लगभग तीन गुना का अंतर है। यूपी में एक बोतल की कीमत लगभग 750 रुपये है, लेकिन हरियाणा में वहीं बोतल मात्र 220 रुपये में मिल जाती है। वर्ष 2015 में यहां तस्करी सबसे अधिक हुई है।
आंकड़े देखें तो झिंझाना पुलिस ने 2324 पेटी अंग्रेजी, देशी शराब और 4120 लीटर रेक्टीफाइड पकड़ी है। हालत यह है कि झिंझाना थाने में चारों ओर शराब की बोतलें रखी पड़ी हैं। गोदाम नहीं होने के कारण झिंझाना थाने में शराब रखने की जगह नहीं बची है। अब शराब को पुलिसकर्मियों की बैरकों की छतों के ऊपर रखा जा रहा है। इसके अलावा शराब के साथ पकड़े वाहनों की भी थाने में जमावड़ा लग गया है।
थाने के मालखाना इंचार्ज रविंद्र सिंह ने बताया कि तीन गोदाम शराब से पहले ही भरे हुए हैं। एक गोदाम 2015 में बनवाया गया, लेकिन वह भी शराब से भर गया है। अब शराब को छत पर रखा जा रहा है।