शामली। जिले में हवा की गुणवत्ता फिर से बिगड़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 57 से बढ़कर 88 पर पहुंच गया है, हालांकि अभी यह संतोषजनक श्रेणी में शामिल है।
बुधवार को सुबह से मौसम साफ रहा।
पिछले सप्ताह पांच दिन पहले शनिवार रात को आंधी-तूफान के साथ बारिश से वायु प्रदूषण की स्थिति में भी सुधार आया था। मौसम में बदलाव आने से रविवार को एक्यूआई 73 दर्ज किया गया था। इससे पहले शनिवार को जिले का एक्यूआई 103 रहा था। सोमवार को एक्यूआई 59 और मंगलवार को एक्यूआई 57 दर्ज किया गया था। बुधवार को फिर से हवा की गुणवत्ता बिगड़ने की तरफ है। एक्यूआई बढ़कर 88 पर पहुंच गया। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार अखौरी ने बताया कि वायु प्रदूषण बढ़ने से हृदय, सांस रोगियों के साथ बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है। इसलिए इस तरह के मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है।
उधर, जिले में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस स्थिर बना रहा। जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर होकर 17 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि अगले दो दिन तक बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है।
एक्यूआई के मानक
• 0 से 50 : अच्छा
• 51 से 100 : संतोषजनक
• 101 से 200 : मध्यम
• 201 से 300 : खराब
• 301 से 400 : बेहद खराब
• 401 से 500 : गंभीर श्रेणी