थानाभवन। अगैती प्रजाति के गन्ने के साथ सामान्य प्रजाति का गन्ना न लेने से किसानों ने मिल में हंगामा कर दिया। एक घंटे तक गन्ना क्रेन और तौल काटों को बंद रखा। बाद में दोनों पक्षों में वार्ता के पश्चात मिल द्वारा गन्ना लेने के आश्वासन पर हंगामा शांत हुआ।
बुधवार को बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल के केन यार्ड में तोल काटों पर उस समय हंगामा हो गया, जब तौल कर्मियों ने किसानों के गन्ने को अगैती प्रजाति का गन्ना के साथ सामान्य जाति का गन्ना तौलने से इंकार कर दिया। जिसके बाद किसानों ने तौल कांटे पर हंगामा करते हुए तौल बंद करा दी। दोपहर एक बजे गन्ना क्रेन चैन को भी बंद करा दिया।
मिल अधिकारियों और गन्ना किसानों के बीच वार्ता हुई। किसानों का आरोप था कि दो दिन पूर्व ही गन्ना समिति के चेयरमैन अशोक चौधरी व गन्ना विकास परिषद के चेयरमैन ठाकुर जयप्रकाश के नेतृत्व में किसानों व मिल अधिकारियों के बीच बैठक से सभी प्रजाति का गन्ना लेने का निर्णय हुआ था, लेकिन मिल ने दो दिन बाद ही सामान्य जाति के गन्ने को रिजेक्ट जाति का गन्ना बता लेने से इंकार कर दिया।
बैठक में मिल अधिकारियों व किसानों के बीच एक घंटे तक चली वार्ता के पश्चात मिल अधिकारियों ने किसानों का गन्ना लेने के आश्वासन पर ही हंगामा शांत हुआ। मौके पर यूनिट हैड डॉ. वीरपाल सिंह, गन्ना प्रबंधक जितेंद्र तोमर आदि अधिकारियाें के साथ साथ मुन्ना सिंह, ब्रिजेश राणा, लाल सिंह, विनोद कुमार, राजेश कुमार, राजू ठाकुर, गौतम प्रधान, नरेंद्र सिंह, मदन सिंह आदि रहे।