शामली। कैराना क्षेत्र के सांसद हुकुम सिंह ने गेहूं की फसल बोने के लिए नहरों में पानी उपलब्ध कराने व नहरों-रजवाहों की सफाई न होने पर नाराजगी प्रकट की है।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला दिशा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुुए भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने आरोप लगाया है कि जिले के बैंक प्रबंधक एवं कुछ अधिकारियों द्वारा केंद्र- राज्य सरकार की योजनाओं को लागू करने में रुचि नहीं ले रहे हैं । योजनाओं की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा में सुधार एवं छात्रों के अनुपात में अध्यापकों की नियुक्ति स्कूलों में करने को कहा।
ग्राम कंडेला में जलापूर्ति हेतु पेयजल ग्रामीणों को उपलब्ध न होने तथा कार्य में सुधार न होने के कारण जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जल निगम के अधिशासी अभियंता पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि वह जल्द जलापूर्ति सुधार के लिए ग्राम प्रधानों से संपर्क कर कार्य करेें।
सांसद ने कहा जनपद में कृृषि विज्ञान केन्द्र की स्थापना के लिए कार्य योजना तैयार करें, जिससे कृषि विज्ञान केन्द्र की स्थापना हो सके। जनपद में लोक निर्माण विभाग की सड़क निर्माण की कार्ययोजना, लागत एवं समय के सूचना पट लगवाए तथा विद्युतीकरण, सिंचाई विभाग द्वारा नालों की मनरेगा से सफाई आदि विकास कार्य योजनाओं का संचालन नियमित व गुणवत्ता के आधार पर पूरा करें।
बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध डीएम सुजीत कुमार ने कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ यीशु रुस्तगी, सीएमओ डॉक्टर विनीता अग्निहोत्री नगर पालिका चेयरमैन राशिद अली, प्रसन्न चौधरी, ब्लॉक प्रमुख पति जयदेव सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, परशुराम शर्मा, डीआरडीए के सहायक अभियंता दिनेश सिंघल, डीएफओ ओपी सिंह, कृृषि उपनिदेशक हरेंद्र उपाध्याय, जिला विद्यालय निरीक्षक एसएन सिद्दीकी, बीएसए चंद्रशेखर आदि जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।
12 को होगी बैठक
शामली। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि 12 नवंबर को जिला स्वच्छता समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभाकक्ष में होगी। जिसमें बैठक में प्रत्येक विकास खंड में ग्राम स्तर पर कम्यूनिटी फेसिलिटेटर का चयन, जिला स्वच्छता समिति प्रबुद्धनगर नाम से संचालित बैंक खाते शामली के नाम स्थानांतरित किए जाने ओडीएफ प्रचार हेतु चलचित्र वाहन लगाए जाने एवं प्रोजेक्टर क्रय किए जाने हेतु अनुमोदन किया गया।