शामली। जिले में तीन दिन के बाद बुजुर्ग समेत पांच कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना का पूर्व में मिला एक मरीज स्वस्थ हुआ है। जिले में सक्रिय केस की संख्या सात से बढ़कर 11 हो गई है।
जिले में पिछले तीन दिन से लगातार कोरोना का कोई नया केस नहीं आया था। शुक्रवार को आई सैंपलों की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में पांच कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें गांव झाल में 75 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना संक्रमित मिला है। नया गांव में 20 वर्षीय युवती, आदमपुर में 13 वर्षीय किशोरी, मुंडेट कलां में 10 वर्षीय किशोरी और गोशाला रोड निवासी 14 वर्षीय किशोरी कोरोना संक्रमित पाई गई। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. जाहिद अली त्यागी ने बताया कि जिले में पांच कोरोना संक्रमित मिले हैं जबकि एक मरीज ठीक हुआ है। अब सक्रिय केस की संख्या सात से बढ़कर 11 हो गई है। नए संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए फेस मास्क व सोशल डिस्टेंस का पालन करने के लिए कहा है।
179 किशोरों को पहली, 1501 को लगी दूसरी डोज
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि शुक्रवार को जिले में हुए कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान के तहत 179 किशोरों को पहली डोज का टीका लगा है। 1501 किशोरों को दूसरी डोज लगी है। 18 साल से अधिक आयु के 226 लोगों को पहली डोज और 860 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगा है। 134 लोगों को सतर्कता डोज लगी है।