कैराना। बार एसोसिएशन कार्यकारिणी में सामूहिक इस्तीफे के बाद शुक्रवार को आयोजित बैठक में कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। बैठक इसलिए स्थगित करनी पड़ी क्योंकि इस्तीफा देने वाले तीन पदाधिकारी नगर से बाहर थे। अब सोमवार को कार्यकारिणी की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें व्यक्तिगत इस्तीफों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
गुरुवार को बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवनीश कुमार गोयल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह, सहसचिव पुस्तकालय अजय शर्मा, सहसचिव प्रशासनिक रिजवान अली, वरिष्ठ सदस्यगण जयपाल सिंह, मजहर हसन, आरिफ चौधरी, जयपाल कश्यप तथा कनिष्ठ सदस्य उस्मान, फराज सिद्दीकी और मोहम्मद सादिक ने सामूहिक रूप से अपने पदों से त्यागपत्र दे दिया था।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवनीश कुमार गोयल ने बताया था कि उनसे बिना सलाह लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास कर दिए जाते हैं। छोटे पदाधिकारियों से कोई राय नहीं ली जाती और न ही उन्हें जानकारी दी जाती है, जिसके चलते उन्होंने सामूहिक इस्तीफे का निर्णय लिया।
इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय के लिए बैठक रखी गई थी, लेकिन मोहम्मद सादिक, अजय शर्मा और जयपाल सिंह नगर से बाहर होने के कारण फैसला टल गया। अवनीश गोयल ने बताया कि सभी पदाधिकारी व्यक्तिगत रूप से भी इस्तीफा देंगे, जिसकी पुष्टि सोमवार को होने वाली बैठक में की जाएगी।
उधर, बार एसोसिएशन के महासचिव राजकुमार चौहान ने कहा कि बार एसोसिएशन हमारा अपना परिवार है। सभी सदस्यों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।