कैराना में नाहिद हसन की सम्राट राइस मिल।
- फोटो : SHAMLI
कुर्की के बाद चावल मिल पर बकाया राशि कराई जमा
कैराना (शामली)। सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन के परिवार की सम्राट चावल मिल की कुर्की के बाद बकाया धनराशि जमा करा दी गई। जिसके बाद प्रशासन कुर्की की कार्रवाई को समाप्त करने में जुट गया है।
सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन के परिवार की पुराना बाईपास स्थित सम्राट चावल मिल पर कृषि उत्पादन मंडी समिति कैराना के 16 लाख 4 हजार 344 रुपये बकाया थे। बकाया की आरसी जारी होने के बाद सोमवार को तहसीलदार प्रियंका जायसवाल ने राजस्व विभाग की टीम और पुलिस के साथ मिल पर पहुंचकर कुर्की का आदेश चस्पा कर दिया था। करीब डेढ़ करोड़ कीमत की मिल को कुर्क करने की घोषणा कर दी गई थी। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि सोमवार को सम्राट चावल मिल पर कुर्की आदेश चस्पा किया गया था। 2019 का कृषि उत्पादन मंडी समिति का लाखों रुपये बकाया था। सोमवार देर शाम मिल की ओर से तहसील में बकाया धनराशि 16 लाख 4 हजार 344 रुपये जमा करा दी गई है। मंडी समिति को पत्र भेजा गया है। एनओसी प्राप्त होने के बाद कुर्की की कार्रवाई नियमानुसार समाप्त की जाएगी।
करीब 25 साल पहले बंद हुआ था राइस मिल
पूर्व सांसद मुनव्वर हसन ने बाईपास पर अपनी पुश्तैनी जमीन पर सम्राट चावल मिल शुरू की थी। जिसमें कई साझीदार थे। बताया गया है कि राइस मिल चलने के कुछ दिन बाद ही करीब 25 साल पहले बंद हो गई थी। मिल के अंदर कुछ पुरानी मशीनें व बड़े गोदाम बने हुए हैं। जिसके आसपास कुछ जमीन पर खेती की जाती है।
विधायक नाहिद हसन के परिवार के सम्राट चावल मिल पर उनके पिता मरहूम सांसद मुनव्वर हसन, चाचा सरवर हसन व साझीदार शहजाद पुत्र मुमताज अली का मालिकाना हक था। बताया गया कि साझीदार शहजाद अली व उसके परिवार के लोगों ने विधायक के परिवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति की बकाया धनराशि जमा करने को लेकर गुमराह किया। जिसके चलते कुर्की आदेश चस्पा होने के बाद विधायक नाहिद हसन परिवार की फजीहत हुई।