कैराना। बार एसोसिएशन के अधिवक्ता मंगलवार को नो वर्क रखते हुए न्यायिक कार्यों से विरत रहे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
मंगलवार दोपहर समस्त अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां पर अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी भानू प्रताप यादव को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि गौतमबुद्धनगर में अधिवक्ताओं के साथ असामाजिक तत्वों ने अभद्रता की। मामले में पुलिस उदासीन बनी हुई है तथा आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर रही। अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
इसके अलावा प्रदेश में दिन प्रतिदिन बिगड़ रही कानून व्यवस्था को दुरुस्त कराने और वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग की गई। इस अवसर पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी, संजय कश्यप, राधेश्याम गोयल, चौधरी सलीम, राजकुमार, प्रमोद चौहान, नसीम चौधरी, खड़क सिंह, शगुन मित्तल, अशोक कुमार, मनोज कुमार गर्ग आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।