शामली। बुखार से जूझ रहे जिले में पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालत यह है कि अस्पताल में आठ बजे से दो बजे तक पैर रखने की जगह नहीं है, जिसके चलते ज्यादातर मरीज समयाभाव के चलते इलाज से वंचित रह जाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस समस्या से निपटने के लिए बेहतर कदम उठाया गया है।
अब शामली अस्पताल में चौबीस घंटे बुखार पीड़ितों को देखा जाएगा। इमरजेंसी मेडिकल आफिसर चौबीस घंटे अब बुखार के मरीजों को सलाह देने के साथ ही उनका उपचार भी करेगा। यही नहीं यदि मरीज गंभीर है तो उसको हर हाल में भर्ती किया जाएगा या फिर उसको रेफर किया जाएगा।
डिलीवरी के संबंध में शामली अस्पताल को मिला स्टार रेटिंग
शामली। शासन द्वारा शामली अस्पताल को एक साल में साठ सीजर करने का लक्ष्य दिया गया था। इसी के चलते शामली अस्पताल द्वारा छह महीने में साठ से अधिक सीजर पूरे कर लिए गए।
जिसके चलते लखनऊ द्वारा शामली अस्पताल में प्रदेश की अन्य सीएचसी में सबसे ज्यादा आपरेशन करने के मामले में स्टार रेटिंग दी गई है। उधर, सीएचसी प्रभारी शामली -डा. जगमोहन ने बताया कि सीएचसी में बुखार से निपटने के लिए चौबीस घंटे सलाहकार डाक्टर की तैनाती की गई है, ताकि बुखार के चलते मरीजों को बाहर न जाना पड़े।