कैराना(शामली)। कोतवाली पुलिस ने कांधला रोड स्थित चौधरी रौनक होटल पर छापा मार कर मिलावटी शराब के साथ तीन लोगों को दबोच लिया। इसके अलावा मोहल्ला आलकला से महिला और उसके दो पुत्रों को भी देशी शराब और रेक्टिफाइड के साथ गिरफ्तार किया।
कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को सूचना पर कांधला रोड स्थित चौधरी रौनक होटल पर दबिश दी, जहां से पुलिस ने तीन आरोपियों अमित, कुलदीप निवासी कांधला रोड और बबलू निवासी ऊंचा गांव थाना कैराना को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ढाबे से 30 पेटी हरियाणा मार्का, 20 लीटर रेक्टिफाइड और पांच लीटर अपमिश्रित शराब बरामद की। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि होटल से पकड़े गए तीनों आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर उसमें रेक्टिफाइड मिलाकर होटल पर आने वाले ग्राहकों को बेचते थे। इससे उन्हें मुनाफा अधिक होता है। इसके अलावा पुलिस ने मोहल्ला आलकला में एक मकान पर छापा मारा तो मौके से 110 पेटी देशी शराब और दो कैन में भरा 60 लीटर रेक्टिफाइड बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से हरियाणा नंबर की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की। यहां से पुलिस ने महिला और उसके दो पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अभिषेक, देव गुर्जर और सुषमा निवासी मोहल्ला आलकलां थाना कैराना बताया। सुषमा का पति महताब फरार हो गया। कोतवाल ने बताया दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए महिला समेत छह आरोपियों का चालान किया गया है।