मेरठ। थाना सदर बाजार क्षेत्र के श्री बिल्वेश्वरनाथ मंदिर परिसर में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर की कब्जेदारी का पुराना विवाद फिर सुर्खियों में है। एसीएम सदर दीपक माथुर ने मंगलवार को विवादित स्थल को कुर्क करने का आदेश दिया।
मंदिर के प्रबंधन और कब्जे को लेकर विजय गोयल व अन्य तथा राजेंद्र वर्मा व अन्य दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। पुलिस रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2025 में रथ यात्रा के दौरान भारी तनाव से कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बनी थी। एसीएम सदर ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पाया कि मंदिर पर किसी भी पक्ष का वैध कब्जा सिद्ध नहीं हो सका है।आगामी धार्मिक आयोजनों में विवाद की प्रबल संभावना और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर को कुर्क कर तहसीलदार तथा थाना प्रभारी सदर को देखभाल का जिम्मा सौंपा गया है। उन्हें तीन दिन के भीतर कुर्की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। यह मंदिर तब तक प्रशासन के पास रहेगा जब तक सक्षम न्यायालय कब्जे या अधिकारों का अंतिम निर्धारण नहीं कर देता।