गढ़ीपुख्ता। पुलिस ने धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को तमंचा और 5200 रुपये के साथ गिरफ्तार किया है।
क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी दिनेश सिंह ने सात मई को गढ़ीपुख्ता थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह गांव गढ़ी अब्दुल्ला निवासी बैंक के एटीएम मशीन से 20 हजार रुपये निकालते समय अज्ञात व्यक्ति की मदद ली थी। उसी दौरान धोखेे से एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से घटना करने वाले तीन आरोपियों की पहचान की, जिसमें दो आरोपी अंकुर व अंकित उर्फ मोनू को पहले गिरफ्तार कर लिया गया था।
मुख्य आरोपी कल्याण उर्फ सीटू निवासी कुआं खेड़ा थाना ननौता जनपद सहारनपुर फरार चल रहा था। रविवार को पुलिस ने आरोपी कल्याण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एटीएम के आसपास खड़े रहते हैं। जब कोई व्यक्ति अकेला एटीएम में रुपये निकालने आता है, तो उसे बातों में उलझाकर उसका पिन कार्ड जान लेते हैं और धोखे से एटीएम कार्ड बदल देते हैं।