शामली। शहर के झिंझाना रोड स्थित निजी अस्पताल के चिकित्सक पर प्रसव ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में रूई छोड़ने का आरोप लगाते हुए उसके पति ने शहर कोतवाली में तहरीर दी। पीड़ित पति का कहना है कि संक्रमण फैलने से महिला की हालत बिगड़ गई और वह अस्पताल लेकर पहुंचा तो उसके साथ चिकित्सक ने अभद्रता की।
शहर के मोहल्ला घेर बुखारी नई बस्ती शामली निवासी आशू ने शनिवार को शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी नीरू का पिछले महीने 26 सितंबर को झिंझाना रोड स्थित निजी अस्पताल में प्रसव ऑपरेशन हुआ था। आरोप है कि चिकित्सक ने लापरवाही केे चलते उसकी पत्नी के पेट में रूई छोड़ दी, जिससे उसके पूरे शरीर में संक्रमण हो गया और वह मरणासन्न हालत में पहुंच गई। पीड़ित के मुताबिक वह अपनी पत्नी को लेकर निजी अस्पताल पहुंचा तो चिकित्सक ने ऑपरेशन फिर से खोलकर पेट से रूई निकाली। रूई को निकालते हुए उसने देख लिया तो चिकित्सक रूई को इधर-उधर करने लगा। उसके कंपाउंडरों ने रूई को कूड़े पर डाल दिया, वहां से उसने रूई को उठा लिया, जो उसके पास है।
पीड़ित का आरोप है कि उसने चिकित्सक से ऐसा करने का विरोध जताया तो उसने उसके साथ अभद्रता की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि जांच में रूई निकाले जाने की पुष्टि नहीं हुई है। उधर, अस्पताल संचालक का कहना है कि महिला को पेट में दर्द की शिकायत थी, जिसे दवा देकर घर भेज दिया गया। महिला का न तो पेट खोलकर रूई निकाली गई और न ही न ही रूई पेट में छूटी थी। सभी आरोप निराधार है। महिला के पति ने किसी के बहकावे में आकर पुलिस को झूठी शिकायत कर दी थी। पुलिस जांच करने आई थी, जिसमें शिकायत झूठी पाई गई।