झिंझाना। गांव गुर्जरपुर के लोगों ने गांव के ही एक युवक पर अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर सुबह चार बजे गांव में गलियों में शोर मचाकर गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर आरोपी मौके से फरार हो गया। लोगों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
क्षेत्र के गांव गुर्जरपुर कमालपुर निवासी गफ्फार ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह लगभग चार बजे गांव का युवक अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर मोहल्ले के लोगों का नाम लेकर गाली गलौज शुरू कर दी। ग्रामीणों ने उसे पकड़ना चाहा, लेकिन बंदूक के डर से कोई उसके नजदीक नहीं गया। सूचना पर गांव में पहुंची, पुलिस को देखकर युवक बंदूक सहित गांव से फरार हो गया है। लोगों ने उसका लाइसेंस निरस्त कराने की मांग की है। थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर बिडौली चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह भाटी को जांच के लिये गांव में भेजा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।