कांधला। पुलिस को लूट की झूठी सूचना देकर गुमराह करने के आरोपी कार चालक समीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। मोहल्ला रायजादगान निवासी समीर ने बृहस्पतिवार को मारपीट कर रस्सी बांधकर नहर में फेंकने और 42 हजार रुपये लूटने की सूचना पुलिस व परिजनों को दी थी। पुलिस की जांच में यह मामला फर्जी पाया गया था।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में समीर ने बताया कि वह अपनी पिकअप गाड़ी लेकर पहिये चैक कराने के लिये जुबैर मिस्त्री की दुकान पर गया था, वहीं से उसने योजना बनाई। समीर के पास रखे 42 हजार रुपये हड़पने के लिए अपने ही शरीर पर किसी चीज से हल्के खरोंच के निशान बनाए और गले में रस्सी का फंदा डालकर स्वयं के साथ मारपीट व रुपये छीनने की फर्जी घटना बनाई। समीर ने लूट की फर्जी योजना पूर्व में मारपीट करने के आरोपी आशु व मोहित को फंसाने के उद्देश्य से बनाई थी। इस मामले में समीर के विरुद्ध पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने की धारा में मामला दर्ज कर चालान किया गया है।