शामली (ब्यूरो)। नोटबंदी के 85 दिन बाद भी शहर के एटीएम पर भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। शहर के कुछ ही एटीएम में कैश डालने से अभी भी लोगों को कैश के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। ज्यादातर बैंकों के एटीएम बंद पड़े हैं। नकदी निकालने की सीमा तो बढ़ गई, लेकिन एटीएम में कैश नहीं डाला जा रहा है। इससे लोग परेशान हैं।
बृहस्पतिवार को भी शहर के कई बैंकों के एटीएम पर कैश निकालने को लेकर सुबह से ही लंबी लाइन लगी रही। इस कारण लोगों को घंटों लाइन में लगने के बावजूद कैश नहीं मिला। ग्राहकों को कहना है कि नोटबंदी के 85 दिन बाद भी शहर के एटीएम की हालत में सुधार नहीं हो रहा है। अभी भी शहर और गांव के लोगों को कैश निकालने के लिए कई घंटों तक लाइन में लगना पड़ रहा है। ज्यादातर बैंकों के एटीएम में अभी भी कैश नहीं डाला जा रहा। जिन इक्का दुक्का एटीएम में कैश डाला जाता है, उन पर लंबी लाइन लग जाती है।
शहर के इंडियन बैंक और स्टेट बैंक पर कैश निकालने के लिए सुबह से ही लाइन लगी रही। ग्राहकों ने बताया कि आखिर यह परेशानी कब तक रहेगी। राजबीर, सुमित, अनिल ने कहा कि अगर सभी बैंकों के एटीएम में रोज कैश डाला जाए तो कुछ हद तक परेशानी कम हो सकती है।