गांव दुल्लाखेड़ी निवासी सुनीता का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
गढ़ीपुख्ता (शामली)। थानाक्षेत्र के गांव दुल्लाखेड़ी में चार लोगों ने घर में घुसकर दो भाइयों पर हमला कर दिया। बीच बचाव में आई उनकी मां सुनीता (55) को हमलावरों ने पीट-पीटकर मार डाला। मृतका के बेटे मनोज ने थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव दुल्लाखेड़ी निवासी मनोज ने बताया कि सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर बैठे थे। आरोप है कि उसी समय गांव के तीन भाई और उनका एक भतीजा लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते उसकी व उसके भाई विकास पर हमला बोल दिया। उनकी मां सुनीता उन्हें बचाने आई। आरोपियों ने मां धक्का दे दिया और वह नीचे गिर गई। आरोप है कि हमलावरों ने महिला की लात घूसों से जमकर पिटाई की, जिससे वह बेसुध हो गई। इसी समय उनका तहेरा भाई सुभाष बीचबचाव में आया तो हमलावरों ने उसकी भी पिटाई की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
परिवार के लोग सुनीता को लेकर मालैंडी अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के बेटे मनोज ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है। जांच अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम हाउस पर फ्रीजर में आया करंट, शव लेकर पहुंचे परिजन बचे
शामली। गांव दुल्लाखेड़ी निवासी सुनीता के शव को लेकर मंगलवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। गाड़ी से शव उतारकर परिजन जब अंदर फ्रीजर के पास ले गए तो स्ट्रेचर से फ्रीजर टच हो गया। इस दौरान विकास व मोनू समेत चार पांच युवकों को करंट का झटका लगा वे गिर पड़े। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। इस दौरान गिरने से उन्हें चोट भी आई। इस संबंध में सीएमओ डॉ. तृप्ति कुमार सक्सेना ने बताया कि फ्रीजर में करंट आने का मामला जानकारी में नहीं है। इस मामले की जांच कराई जाएगी।
गांव दुल्लाखेड़ी निवासी सुनीता का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
गांव दुल्लाखेड़ी निवासी सुनीता का फाइल फोटो। स्रोत परिजन