शामली। विधानसभा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और त्रुटियों में सुधार के लिए शनिवार 24 अक्तूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
अभियान में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा नाम हटाने, संशोधन कराने और निवास स्थान बदलने पर पता अपडेट कराने के लिए भी आवेदन किए जा सकेंगे। शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, किसान सेवक, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और लेखपाल भी मतदाताओं की सहायता के लिए उपस्थित रहेंगे।
प्रमोद कुमार ने बताया कि पात्र नागरिक संबंधित बूथ पर बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी या तहसील कार्यालय में निर्धारित प्रारूप भरकर आवेदन जमा कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या विवरण में संशोधन के लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप या वेबसाइट https://voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।