शामली। कांधला थानाक्षेत्र के गांव आल्दी में बुलेट बाइक से पटाखा छोड़ने को लेकर हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तरफ से 17 लोगों को नामजद करते हुए करीब 25 लोगों के खिलाफ हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गांव आल्दी में रविवार शाम को गांव के कुछ युवक बाइक से गंगाजल लाने के लिए हरिद्वार जाने की तैयारी कर रहे थे। आरोप है कि युवकों ने बुलेट बाइक से पटाखा छोड़ने लगे। गांव के संजय ने घर के सामने बुलेट से पटाखा छोड़ने का विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों के बीच मारपीट, लाठी डंडे व धारदार हथियार चलने से करीब 15 लोग घायल हुए थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी थी। इस मामले में पुलिस ने संजय के भाई सतीश की तहरीर पर पर गांव के टीटू, नीटू, कुनाल, वंश, विशेष, नीरज, सचिन, शुभम, सागर, लक्ष्य, विनीत, सुमित, राजेंद्र, जितेंद्र, हेमंत, कुलदीप उर्फ मोनू, लीलू को नामजद करते हुए और अन्य सात-आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शुभम के हाथ में तलवार थी और टीटू के हाथ में तमंचा था, जिससे उसने गोली चलाई। इस हमले में उनके परिवार के संजय, रवि, ऊषा, प्रमोद, आयुष, रितिक, बबलू, सचिन, विकास, नीरज गंभीर घायल हुए। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि इस मामले में नौ आराेपी अरविंद, रकम सिंह, शुभम, वंश, उपेंद्र, नरेश, कृष, आकाश व नीरज को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।