शामली। शहर में डाक कांवड़ियों का आना शुरू हो गया है। मंगलवार को लाखों कांवड़ियों के शहर से निकलने की संभावना है। प्रशासन ने शहर में भीड़ को देखते हुए डाक कांवड़ियों को शहर के अंदर की बजाय बाहर से ही निकालने के इंतजाम किए हैं, उन्हें कलक्ट्रेट चौराहे से बाईपास पर निकाला जाएगा लेकिन इसके बाद भी शहर के अंदर से लाखों शिवभक्तों निकलेंगे लिहाजा पुलिस ने शहर के अंदर कांवड मार्ग पर पड़ने वाले बाजार और गली मोहल्ले के बाहर बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए हैं। दुपहिया वाहन तक नहीं निकल पा रहे। लोगों को दूसरे रास्तों से गलियों में घूमकर जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।
कनिका काॅंम्प्लेक्स नाला पटरी
नाला पटरी पर बैरिकेडिंग की गई है। यह नाला पटरी बुढ़ाना मार्ग को जोड़ती है। इस पटरी से दुपहिया वाहनों का आवागमन ज्यादा होता है। बैरिकेडिंग होने से लोगों को दूसरी दूसरी नाला पटरी से जाने को मजबूर होना पड़ा। बाइक भी नहीं निकली और लोग अपनी बाइक दूसरी नाला पटरी से निकाल रहे थे। यहां भीड़ से हालात बुरे बने रहे। एक तरफ नाला पटरी पर आवागमन होने से जाम की समस्या बनी रही।
वीवी कॉलेज रोड आर्यपुरी गली
आर्यपुरी की मुख्य गली वीवी इंटर कॉलेज और बुढ़ाना मार्ग को जोड़ती है। इस रास्ते से दिनभर दुपहिया व चार पहिया वाहन निकलते हैं। बैरिकेडिंग होने से लोगों को वापस बुढ़ाना रोड पर जाकर नाला पटरी या फिर बुढ़ाना तिराहा मोड़ से शहर में आना पड़ रहा है।
विजय चौक
पुलिस ने विजय चौक पर बैरिकेडिंग कर मार्ग पर दुपहिया वाहनों का संचालन बंद कर दिया है। कैराना मार्ग जाने वाले वाहनों को झिंझाना मार्ग से काका नगर व नहर पटरी से भेजा जा रहा है। इससे लोगों को एक से दो किलोमीटर दूर तक घूमकर जाना पड़ा। इस मार्ग से सिर्फ कांवड़ियों को ही कैराना मार्ग पर भेजा जा रहा है। कैराना रोड पर शिव मंदिर गुलजारी वाला पर शाम से लेकर देर रात तक कांवड़ देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही हैं। इसके चलते सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही।
फव्वारा चौक
फव्वारा चौक पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है। रास्ता बंद होने से इस मार्ग पर लोगों को आना जाना बंद हो गया है। यह मार्ग दिल्ली रोड को जोड़ता है। दिल्ली रोड पर जाने के लिए वाहन सवार लोगों को विजय चौक से होकर जाना पड़ा। बाइक तक नहीं निकल सकी लोगों को बुढ़ाना तिराहा मोड़ से होकर जाना पड़ा। शहर में मिल रोड, रेलवे रोड, धीमानपुरा मंडी वाली गली, पुराना डाकखाने वाली गली समेत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। शहर के बीच डिवाइडर में बने कट को बेरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है।
ये बोले नागरिक
आर्यपुरी निवासी कुलदीप का कहना है कि प्रशासन ने जगह-जगह पर बैरिकेडिंग कर दी है। उन्हें बाइक से बाजार जाने के लिए नाला पटरी से जाना पड़ा। एक तरफ की नाला पटरी चलने से भीड़ में फंसना पड़ा।
गगन विहार निवासी राजवीर सिंह ने कहा कि उन्हें कैराना रोड से अपने घर जाना था। विजय चौक पर रास्ता बंद कर दिया गया। उसे झिंझाना रोड की तरफ से जाना पड़ा।
माजरा रोड निवासी सागर कौशिक ने बताया कि उसे मिल रोड पर जाना था। वहां बैरिकेडिंग की गई थी। हनुमानधाम के रास्ते से गलियों में होकर मिल रोड पर आना पड़ा।