हिंगोखेड़ी में घर के दरवाजे पर चस्पा मिली रंगदारी की चिट्ठी
कैराना। गांव हिंगोखेड़ी में ऑनलाइन सामान बेचने वाली कोरियर कंपनी का कार्य करने वाले युवक के घर के दरवाजे पर रात को किसी ने एक लाख रुपये की रंगदारी की चिट्ठी चस्पा कर दी। सुबह चिट्ठी मिलने पर परिजनों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गांव हिंगोखेडी निवासी अमित आर्य ऑनलाइन सामान बेचने वाली एक कोरियर कंपनी में काम करता है। सोमवार सुबह जब अमित का परिवार जागा तो देखा कि उनके मकान के मुख्य दरवाजे पर एक चिट्ठी चस्पा हुई थी। चिट्ठी में लिखा था कि एक लाख रुपये का इंतजाम कर लो, वरना अंजाम बुरा होगा। चिट्ठी पर किसी बदमाश का नाम नहीं लिखा हुआ है। रुपये कब व कहां देने है इसके बारे में कुछ नहीं लिखा था। रंगदारी की चिट्ठी मिलने पर कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अमित आर्य ने बताया कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
युवक पर चाकू से वार
कैराना। ऊंचा गांव निवासी 27 वर्षीय अशोक रविवार रात करीब 8 बजे अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से झगड़ा हो गया। आरोप है कि आरोपियों ने अशोक के साथ मारपीट करते हुए उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। परिजन घायल को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि इस मामले में अभी तक तहरीर नहीं आई है।