शामली/कैराना (शामली)। झिंझाना पुलिस और आबकारी टीम ने पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तस्करी कर लाई गई अंग्रेजी शराब की 183 तथा देशी शराब की चार बोतलें बरामद की हैं। तस्करी में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है।
पंचायत चुनाव के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान शनिवार रात पुलिस एवं आबकारी की टीम ने बिड़ौली चेकपोस्ट से पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से अंग्रेजी शराब की 183, हरियाणा मार्का देशी शराब की चार बोतलों के अलावा 40 लीटर रेक्टीफाइड बरामद की। तस्करी में प्रयुक्त कार और बाइक भी बरामद की गई।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्कर सुरेंद्र निवासी ग्राम रेड़ाना थाना बराड़ा जनपद सोनीपत हरियाणा, अजय और उम्मेद निवासी खानपुर कलां थाना गौहाना सदर जनपद सोनीपत हरियाणा, देवेंद्र सिंह निवासी गढ़ी हसोराबाद थाना अमीनगर सराय जनपद बागपत तथा अमित कुमार निवासी ग्राम भाज्जू थाना बाबरी हैं। बताया कि शराब गौहाना हरियाणा से तस्करी कर पंचायत चुनाव में बेचने के लिए लाए थे।
उधर, कैराना में रविवार सुबह पुलिस ने सहपत यमुना तटबंध के पास से दो युवकों को रोक कर उनके बोरों की जांच की तो उनमें 78 बोतल हरियाणा मार्का देशी शराब की बरामद हुई। मामले में पुलिस ने गुलाब व जयपाल निवासी गांव सहपत थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से सस्ते दामों में शराब खरीद कर लाते हैं तथा देहात क्षेत्र में फुटकर में शराब बेचते हैं।