बिडौली/झिंझाना। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव वेदखेड़ी में घर के बाहर डाली गई मिट्टी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दाैरान बीच-बचाव कराने आए इदरीश (42) की सिर में लोहे की रॉड लगने से माैत हो गई। परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही हंगामा किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गांव वेदखेड़ी निवासी इरफान ने अपने मकान की छत के लिए मिट्टी अपने घर के बाहर गली में डाल रखी थी। बुधवार रात गांव का विकास पाल झिंझाना से कार लेकर अपने घर जा रहा था। कार में गांव निवासी फौजी अजीत भी था। रास्ते में मिट्टी पड़ी देखकर विकास ने इरफान को मिट्टी हटाने के लिए कहा। इरफान ने मिट्टी के ऊपर से कार ले जाने की बात कही। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ा तो पड़ोसी इदरीश बीच बचाव के लिए पहुंच गया। इसी दाैरान लोहे की रॉड लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद परिजन इदरीश को लेकर झिंझाना थाने पहुंचे और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह शांत किया। साथ ही इलाज कराने की बात कहकर ऊन सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रास्ते में पड़ी मिट्टी को लेकर दो पक्षों में विवाह हुआ था। मारपीट के दौरान सिर में लोहे की रॉड से लगने से माैत हुई है। मुख्य आरोपी अजीत को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इदरीश राजमिस्त्री के पास मजदूरी करता था। उसके पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा पुत्र 13 साल और छोटा आठ साल का है।