शामली/झिंझाना। ऊन चौकी पुलिस ने यूपी पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब नौ माह से वांछित चल रहा था।
झिंझाना थाने की ऊन चौकी पुलिस ने अमित शर्मा उर्फ कल्लू निवासी गांव खेड़ा कुरतान थाना कांधला को गिरफ्तार किया है। वह ठगी के मामले में करीब नौ माह से वांछित चल रहा था। पुलिस के मुताबिक पिछले साल अक्तूबर 2019 में ऊन क्षेत्र के गांव सिंभालका निवासी श्रीपाल पुत्र जगदीश ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अमित ने उससे यूपी पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी लगवाने के लिए छह लाख रुपये तय किए थे, जिसमें से उसने तीन लाख रुपये एडवांस ले लिए थे। आरोपी है कि जब काफी दिन तक नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। तब से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के घर पर कुर्की नोटिस भी चस्पा किया था। इसके बाद भी आरोपी पकड़ में नहीं आ सका था।