शामली। नगरपालिका परिषद शामली में स्वकर निर्धारण प्रणाली लागू करने के लिए चार सदस्यीय कमेटी भवन एवं जलकर की संभावित दरें तय कर रिपोर्ट देगी। इसके लिए कमेटी को दो दिन का समय दिया गया है। संभावित नई दरें तय होने के बाद घर-घर सर्वे शुरू किया जाएगा।
शासन ने नगर निकायों को एक अप्रैल से स्वकर निर्धारण प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए थे। नगरपालिका शामली में नई कर प्रणाली को लागू करने की प्रक्रिया देरी से शुरू हो पाई। पालिका ने नई प्रणाली को लेकर आपत्तियां मांगी थी। नागरिकों ने 1120 से ज्यादा आपत्तियां पालिका में जमा कराई थी। इन आपत्तियों की सुनवाई के लिए पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद सोलंकी ने दो सभासद, अवर अभियंता जलकल और कार्यवाहक कर लिपिक की कमेटी गठित की थी। आपत्तियों की सुनवाई का कार्य 28 मार्च को समाप्त हो चुका है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कमेटी ने नागरिकों से आए सुझाव व आपत्तियों को ध्यान में रखने के लिए नई कर प्रणाली के लिए भवन एवं जलकर की संभावित दरें निर्धारित कर अपनी रिपोर्ट नहीं दी है। कमेटी को रिपोर्ट दो दिन में उपलब्ध कराने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया रिपोर्ट में तय की गई संभावित दरों के अनुमोदन के लिए डीएम के यहां भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि नई दरें तय होने के बाद शहर में घर-घर सर्वे किया जाएगा।