शामली। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों का एक जत्था कस्बा बनत में कांवड़ सेवा शिविर में रुका हुआ था। इसी दौरान कुछ कांवड़िये बुधवार की रात भजनों पर नृत्य कर रहे थे।
एक कांवड़िया ने आग की मशाल लेकर मुंह से तेल फेंकते हुए करतब दिखाया, तो पास में बिछे गद्दे और पायदान में आग लग गई। इसमें चार कांवड़िये झुलस गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। एक कांवड़िया को गंभीर हालत के चलते शामली सीएचसी में भर्ती कराया गया। बाकी कांवड़ियों को उपचार के बाद रवाना कर दिया गया।
हरियाणा पानीपत और बापोली के कांवड़िया बुधवार रात कस्बा बनत में पेट्रोल पंप के पास लगे कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचे। डीजे पर भगवान भोलेनाथ के गानों पर कांवड़िया झूम रहे थे। इसी दौरान कुछ कांवड़ियों ने नाचते समय करतब दिखाने शुरू कर दिए। एक कांवड़िया डंडे में कपड़ा बांधकर आग लगाई और मुंह में केरोसिन लेकर फुहार फेंकते हुए करतब दिखाना शुरू कर दिया।
आग की चिंगारी पास में पड़े गद्दे और मैट पर गिरी, जिससे आग लग गई। शिविर में मौजूद कांवड़ियों में अफरातफरी मच गई। गद्दे में आग लगने से कांवड़िया सुनील, राजकुमार, दीपक और सन्नी निवासी बापोली झुलस गए।
शिविर संचालकों ने झुलसे कांवड़ियों को शिविर में मौजूद चिकित्सा किट से उपचार कराया। कांवड़िया सुनील की हालत गंभीर होने के कारण एंबुलेंस बुलाकर उसे शामली सीएचसी में भेजवा दिया गया। बाकी कांवड़िया अपनी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
कस्बा बनत में जिस समय शिविर में कांवड़िया करतब दिखा रहे थे, तो भारी भीड़ वहां जमा थी। जैसे ही करतब दिखा रहे कांवड़ियों के मुंह से फेंके तेल के कारण आग की चिंगारी गद्दे और मैट पर गिरी, तभी शिविर संचालक और उनके सहयोगी सक्रिय हो गए। उन्होंने आननफानन में पानी बरसाकर आग बुझा दी। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।