जलालाबाद (शामली)। क्षेत्र के गांव उमरपुर निवासी 25 वर्षीय आदेश ने आर्थिक तंगी के चलते घर में रखा कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक जलालाबाद में किरयाना की दुकान पर नौकरी करता था।
आदेश पिछले कई वर्ष से प्रदीप गर्ग की दुकान पर काम करता था। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे वह दुकान जाने की तैयारी में था। इसी दौरान दुकान जाने से पहले उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल कस्बे के निजी चिकित्सक के पास ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्राम प्रधान ओम राणा व परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
आदेश चार भाई और एक बहन में तीसरे नंबर का था। उसके पिता भी मजदूरी कर परिवार का गुजर-बसर करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। उसके भाई सोनू ने यह जानकारी दी। सोनू ने कहा कि शायद इसी वजह से आदेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया। ऑनलाइन गेम खेलने की चर्चा पर सोनू ने स्पष्ट किया कि आदेश पहले कभी-कभी गेम खेल लेता था। हालांकि लंबे समय से वह कोई ऑनलाइन गेम नहीं खेल रहा था।
जांच अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि इस मामले में परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। ग्राम प्रधान ओम राणा ने भी पुष्टि की कि युवक ने आर्थिक तंगी के चलते ही यह कदम उठाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।