ऊन। गांवों में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए बृहस्पतिवार को ऊन ब्लॉक कार्यालय में अमर उजाला की ओर से ग्राम प्रशासकों और सचिवों के साथ संवाद किया गया।
इसमें पेयजल, सड़क, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और स्कूलों की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं उठीं। खंड विकास अधिकारी सुधीर त्यागी ने ग्राम प्रशासकों से विकास कार्यों के प्रस्ताव भेजने को कहा और समाधान का भरोसा दिया।
ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 25 मई को पूरा होने के बाद उन्हें ग्राम प्रशासक बनाया गया है। संवाद में प्रशासकों ने गांवों में अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा कराने की जरूरत बताई।
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष और सिकंदरपुर के ग्राम प्रशासक देवेंद्र चौधरी ने बताया कि गांव में पानी की टंकी अधूरी होने से पेयजल की समस्या बनी हुई है। लंबे समय से सीएचओ की तैनाती नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने की जरूरत है।
हसनपुर के प्रशासक रूपसिंह सैनी ने बताया कि धनराशि के अभाव में तालाबों की सफाई और कई सड़कों का सीसी निर्माण नहीं हो पाया है। हरसाना के प्रशासक टीटू ने बताया जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक बनने के बाद पाइपलाइन का काम अधूरा है। लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत भी नहीं हुई है।
रज्जाक नगर के प्रशासक सोराज सिंह ने बताया कि पांच साल से पानी की टंकी का काम अधूरा है। शिकायतों के बाद काम शुरू होता है, लेकिन फिर रुक जाता है। गागोर के प्रशासक देवेंद्र चौधरी ने गांव की खराब सड़कों, एक स्कूल के जर्जर शौचालय और दूसरे स्कूल के रसोईघर की समस्या उठाई। गांव में पानी की टंकी का काम भी लंबे समय से अधूरा है।
खंड विकास अधिकारी सुधीर त्यागी ने कहा कि ग्राम प्रशासक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर सचिव के माध्यम से भेजें। प्रस्तावों पर अनुमति लेकर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। मतदान केंद्रों के आसपास खराब भवनों और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं के प्रस्ताव भी भेजने को कहा। इस दौरान प्रवीण कुमार, रज्जाक नगर के प्रशासक सोराज सिंह सतीश कुमार, रणवीर सिंह और सोनू, विपिन, अर्पण व नीरज मौजूद रहे।