घर से लापता मामौर के छात्र की रोहतक में हुई मौत
कैराना (शामली)। दो दिन पूर्व मां के डांटने से क्षुब्ध होकर घर से लापता हुए कक्षा 8 के छात्र की रविवार को हरियाणा के रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्र वहां बेहोशी की हालत में मिलने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छात्र की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए।
क्षेत्र के गांव मामौर निवासी विरेंद्र की 7 साल पहले हेपटाइटिस से मौत हो गई थी। विरेंद्र का बेटा रोहित (15) गांव के स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था। दो दिन पहले किसी बात को लेकर मां के डांटने पर रोहित घर से चला गया था। परिजन रोहित की तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका था। रविवार सुबह हरियाणा के रोहतक जिले की पुलिस ने मुजफ्फरनगर एसपी क्राइम को सूचना दी कि उनके क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर बेहोशी की अवस्था में लावारिस हालत में मिला था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की स्कूल की यूनिफार्म पर लगे स्कूल बैज से मृतक के मामौर निवासी होने का पता चला। मुजफ्फरनगर पुलिस ने यह सूचना कैराना थाने की दी। इसके बाद कैराना पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। किशोर की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया तथा परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार नागर ने बताया कि मामौर निवासी रोहित की रोहतक में मौत की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। देर रात तक परिजन शव को लेकर गांव नहीं पहुंचे है।