कैराना। प्रशासन द्वारा कैराना में रोडवेज बस अड्डे के निर्माण के लिए नगरपालिका की खाली पड़ी छड़ियान के मैदान की भूमि को चयनित किया गया है। एसडीएम ने नगरपालिका को बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव पास कराने के लिए भेजा है।
कैराना में कई साल से आम जनता बस स्टैंड की स्थापना कराने की मांग रही है। बसें सड़क पर ही खड़ी होती हैं, जिससे दुर्घटनाएं भी होती हैं। एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा ने जरूरत के लिहाज से बस स्टैंड स्थापना के लिए पहल की। उन्होंने इस बारे में एआरएम को भी पत्र लिखा। इसके बाद बस स्टैंड के लिए कांधला तिराहे पर छड़ियान की खाली पड़ी 1350 वर्ग गज भूमि को चयनित कर लिया है। जहां से इसी सप्ताह प्रशासन ने पालिका की टीम के साथ अतिक्रमण भी हटवा दिया था। एसडीएम ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड को लेकर कई सभासद सहमत नहीं हैं। डीएम ने नगरपालिका कैराना को प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास कराने के लिए पत्र लिखा है। नगर पालिका की सारी भूमि राज्य सरकार की होती है। यदि तीन बार पत्र भेजने के बाद भी बोर्ड में प्रस्ताव पास नहीं हुआ, तो डीएम जनहित में अपने विशेष अधिकार का प्रयोग करते हुए इस भूमि का बस अड्डे के लिए अधिग्रहण कर सकते हैं। जिसके बाद बस स्टैंड का रास्ता साफ हो जाएगा।