छापामारी में 90 किलो गोमांस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। ग्राम इस्सोपुर खुरगान में छापामारी पर पुलिस ने नब्बे किलो गो मांस बरामद किया। मौका देखकर आरोपी फरार हो गये। पुलिस ने गोवध अधिनियम के अंतर्गत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव इस्सोपुर खुरगान में छापामारी करते हुए घर के अंदर हो रहा अवैध कटान पकड़ा। पुलिस के अनुसार मकान में गोकशी हो रही थी। इस दौरान तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। मौके से पुलिस ने 90 किलो गोमांस, खाल, छुरी, तराजू, 2 बांट, 1 लकड़ी का गुटका बरामद किया। जबकि मकान मालिक मेहरबान, उसका भाई वासिद और पड़ोसी इरशाद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर बरामद मीट का परीक्षण कराया। जिसमें गो मांस की पुष्टि हुई। बाद में पुलिस ने मीट को जमीन में दबवा दिया। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि मीट गोवंश का लग रहा था। दोनों सगे भाइयों सहित तीनों आरोपियों के विरुद्ध गोवध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।