शामली। डिग्री कॉलेजों में दूसरी मेरिट से चल रही दाखिला प्रक्रिया का एक दिन शेष रह गया है। अभी तक जनपद के चारों कॉलेजों में सीटों के सापेक्ष 50 प्रतिशत तक भी दाखिलों की संख्या नहीं पहुंची है।
शुक्रवार को डिग्री कॉलेजों में यूजी कोर्सों में चल रही दाखिला प्रक्रिया का दूसरा दिन रहा। दो राजकीय और दो एडेड कॉलेजों में सभी संकायों में मिलाकर दूसरे दिन 134 दाखिले हुए। दूसरी मेरिट से शनिवार को दाखिला प्रक्रिया का अंतिम दिन है। अभी तक चारों कॉलेजों में 2369 सीटों के सापेक्ष केवल 959 ही दाखिले हो सके हैं। यह संख्या 50 प्रतिशत से भी कम है। दाखिलों की कम गति के चलते यूनिवर्सिटी दूसरी मेरिट में दाखिले का समय बढ़ा सकती है। जिसके बाद खाली सीटों को भरने के लिए यूनिवर्सिटी दो ओपन मेरिट से ही सीटें भरेंगी। अभी तक बीए में 1089 सीटों के सापेक्ष 437 दाखिले हुए। बीकॉम में 480 के सापेक्ष 154, बीएससी विज्ञान में 640 के सापेक्ष 327 और बीएससी कृषि में 160 सीटों के सापेक्ष 41 दाखिले हुए। जिसमें वीवी इंटर कॉलेज में बीए में 531 में से 192, बीकॉम में 160 में से 24 दाखिले हुए।
वहीं, विजय सिंह पथिक कैराना में बीए में 291 में से 86, बीकॉम में 160 में से 78, बीएससी गणित में 160 में से 68, बायो में 80 में से 26 दाखिले हुए। आरके पीजी शामली में बीकॉम में 160 में से 52, बीएससी गणित में 80 में से 58, बायो में 160 में से 113, सांख्यिकी में 80 में से 49 और बीएससी कृषि में 160 में से 41 दाखिले हो पाए। वहीं कांधला के राजकीय कॉलेज में बीए में 267 में से 159, बीएससी गणित में 40 में से केवल सात और गणित में 40 में से छह ही दाखिले हुए हैं। अभी चारों कॉलेजों में 1400 सीटें खाली हैं।