कुड़ाना में घूमती मिली बच्ची
शामली।
कोतवाली पुलिस को मंगलवार की शाम कुड़ाना गांव में एक बच्ची घूमती मिली। पुलिस ने बच्ची को बुधवार की सुबह अपना घर आश्रम भिजवा दिया। जहां से बच्ची को दिल्ली के लिए ले जाया जा रहा था। उसी दौरान कोतवाली में उसका पिता नूरहसन आ गया और उसने बच्ची लापता होने की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद बच्ची को कोतवाली में वापस बुलवाया गया। नूरहसन ने बच्ची को पहचान लिया। जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को बच्ची के सुपुर्द कर दिया।
शांतिभंग में तीन युवकों का किया चालान
शामली। क्षेत्र के गांव बलवा में रामकुमार गांव में झगड़ा कर रहा था। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके अलावा पुलिस ने आपस में झगड़ रहे दो भाई विकास व बबलू निवासी मोहल्ला दयानंदनगर का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
अनियंत्रित होकर कार पलटी, बाल-बाल बचा ड्राइवर
थानाभवन। चरथावल क्षेत्र के गांव बलवाखेड़ी निवासी एक युवक बुधवार को कार से थानाभवन आ रहा था। जब उसकी कार हिंडन नदी के पास पहुंचा तो सामने आ रही बस को बचाने के लिए युवक ने ब्रेक लगा दिए। इससे कार अनियंत्रित होकर आठ फिट गहरी खाई में गिर गई। हालांकि दुर्घटना में युवक बाल-बाल बच गया। हादसा देख आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकाला। एसओ कृष्णकुमार के अनुसार मामला संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक युवक का नाम नहीं पता चल पाया है।