विज्ञान के टॉपर्स को बनाया जाएगा विज्ञान प्रेरक
शामली।
इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटर में विज्ञान विषय में 90 प्रतिशत या उससे ऊपर अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान प्रेरक बनाया जाएगा। वहीं, काउंसिल के कार्यक्रमों में बनाए गए प्रेरकों को प्रतिभाग कराया जाएगा। दूसरे छात्र-छात्राओं की भी विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाई जाएगी।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक वीके गुलाटी ने बताया कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की विज्ञान विषय की परीक्षा में जिन विद्यार्थियों ने अच्छे अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें इस बार विज्ञान प्रेरक बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि संयुक्त निदेशक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा हाईस्कूल व इंटर वर्ष 2018 के ऐसे विद्यार्थी, जिनके द्वारा विज्ञान विषय में 90 प्रतिशत या उससे अधिक प्राप्त किए हो विज्ञान क्लब के कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया हो की सूची मांगी है। सभी प्रधानाचार्य राजकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय अपने अपने कॉलेज से प्रथम दस-दस टॉपर्स विद्यार्थियों की सूची हाईस्कूल एवं इंटर की अलग अलग रूप में 10 मई तक कार्यालय में उपलब्ध करा दें। सभी टॉपर्स विद्यार्थियों को विज्ञान क्लब के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों में बुलाया जाएगा और सम्मानित किया जाएगा।