हादसे में किसान की मौत
कैराना। कांधला-कैराना मार्ग पर ऊंचा गांव के पास ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर बाइक सवार किसान की मौत हो गई।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल निवासी किसान नरेश सैनी (60 ) मंगलवार शाम अपने खेत पर गेहूं कटाई और थ्रेसिंग कराने गया था। वहां से जब वह बाइक से कांधला लौट रहा था, तो ऊंचागांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किसान को कांधला सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, किसान की मौत की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस आरोपी ट्रेक्टर ट्राली चालक को तलाश रही है।
विद्युत लाइन टूटकर गिरने पर फसल जली
शामली। कोतवाली शामली क्षेत्र के गांव हसनपुर में मंगलवार शाम विद्युत लाइन टूटकर गिरने के कारण गेहूं की फसल में आग लग गई। किसान सतेंद्र ने बताया कि उसने मंगलवार को ही करीब चार बीघा गेहूं फसल की कटाई कराकर पुलियां खेत में इकट्ठा की थी। शाम को विद्युत लाइन टूटकर पूलियों पर गिर गई, जिस कारण आग लगने की वजह से गेहूं नष्ट हो गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई।