शामली। बाजार में कम और खरीद केंद्रों पर अच्छा गेहूं का दाम मिलने से धीरे-धीरे खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक बढ़ने लगी है। जिले पिछले कई दिनों से खरीद केंद्रों पर दो हजार से लेकर तीन हजार क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है। इस बार यमुना खादर के झिंझाना, चौसाना, बल्ला माजरा आदि खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक में बढ़ोत्तरी हुई है।
इस बार गेहूं खरीद मूल्य 1745 रुपये प्रति क्विंटल घोषित होने के बाद बाजार में गेहूं का मूल्य 1660 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। गेहूं का मूल्य में गिरावट आने के बाद खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जिले के 26 खरीद केंद्रों पर पिछले एक सप्ताह से गेहूं की खरीद में इजाफा हुआ हैं। अधिकारियों के मुताबिक जिले में प्रतिदिन दो से लेकर तीन हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो रही है। अगले एक सप्ताह में गेहूं खरीद में ओर इजाफा होने की संभावना है। यमुना किनारे गांवों में पिछले सालो की अपेक्षा इस बार गेहूं की जमकर खरीद हो रही है। यमुना किनारे झिंझाना खरीद केंद्र पर 2200 क्विंटल, कैैराना खरीद केंद्र पर 96 क्विंटल, चौसाना के बल्लामाजरा खरीद केंद्र पर 1380 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है।
उधर, डिप्टी आरएमओ निहारिका ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित 11 हजार 700 मीट्रिक टन गेहूं खरीद लक्ष्य के सापेक्ष 1207 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। खाद्य एवं विपणन विभाग द्वारा 410 मीट्रिक टन, पीसीएफ द्वारा 673 मीट्रिक टन, पीसीयू द्वारा 68 क्विंटल भारतीय खाद्य निगम द्वारा 55 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद शामिल है।
दो खरीद केंद्रों पर 605 क्विंटल गेहूं की खरीद
गढ़ीपुख्ता। कस्बे के बस अड्डे पर किसान सहकारी समिति गढ़ीपुख्ता के खरीद केंद्र पर गेहूं की पिछले तीन दिनों में 365 क्विंटल गेहूं की खरीदारी की गई। जबकि किसान सहकारी समिति के खरीद केंद्र पर पांच हजार क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित है। गंदेवड़ा के खरीद केंद्र पर में भी 240 क्विंटल गेहूं की खरीदारी हुई है। खरीद केंद्र प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि यहां किसान सहकारी समिति का लक्ष्य 4000 क्विंटल निर्धारित है। खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए टेंट-तख्त, पीने का पानी व्यवस्था की गई है।