शामली। सोनी हत्याकांड में कार्रवाई न होने पर कश्यप समाज की बैठक आयोजित हुई। वक्ताओं ने अपराधियों पर रासुका न लगाने और पीड़ित परिवार की संभव मदद न होने पर रोष व्यक्त किया। साथ ही समाज ने मृतक छात्रा को इंसाफ दिलाने का संकल्प लिया।
शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह स्मृति भवन में अखिल भारतीय महर्षि कश्यप एवं महाराजा निषादराज विकास मंच के तत्वावधान में सर्वदलीय समाज की बैठक हुई। इसमें जनपद के आसपास के सभी गांव के लोग मौजूद रहे। पूर्व मंत्री किरणपाल कश्यप ने कांधला क्षेत्र में हुए सोनी हत्याकांड में सरकार द्वारा पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता और अपराधियों पर रासुका की कार्रवाई न करने को लेकर रोष व्यक्त किया। वहीं पीड़ित परिवार को कृषि भूमि का पट्टा एवं बीपीएल कार्ड बनवाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान न दिए जाने पर भी रोष जताया। इसके साथ ही समाज के लोगों ने जल्द ही सभी मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की रणनीति तैयार की। इसके साथ ही जंधेड़ी में मुठभेड़ में शहीद हुए कांस्टेबल अंकित तोमर की शहादत पर दो मिनट का मौन धारण कर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप को समाज के लोगों ने पीड़ित परिवार की हर संभव मदद और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई कराने की जिम्मेदारी दी। बैठक की अध्यक्षता जगदीश कश्यप और संचालन अशोक कश्यप एवं नीटू कश्यप भनेड़ा ने किया। इस दौरान राजेश कश्यप, लोकेश कश्यप, लोकेंद्र, रामपाल, खुशनाम, धर्मवीर, नेकीराम, भोपाल, कंवरपाल, जय प्रकाश, सलेक चंद, पंकज, रमेश, श्यामू आदि मौजूद रहे।