ऊन ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने संबंधी भाजपा नेताओं का पासा उल्टा पड़ सकता है। अविश्वास प्रस्ताव के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों के शपथपत्रों का सत्यापन दस अगस्त को एसडीएम ऊन के यहां होना है, लेकिन उससे पूर्व ही मंगलवार को ब्लाक प्रमुख के पति ने सदस्यों की बैठक करके समझा-बुझाकर अपने विरोध को समाप्त कर लिया। सदस्यों ने उन्हें समर्थन करने का आश्वासन दिया है।
ऊन ब्लाक प्रमुख मेमकला पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने उपेक्षा करने और क्षेत्र में विकास कार्य नहीं कराने पर नाराजगी जताते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा देवी के पुत्र दीपक वढेरा के नेतृत्व में जिलाधिकारी के समक्ष शपथ पत्र देकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग रखी थी, जिसमें 80 सदस्यों के शपथ पत्र लगाए गए थे। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने शपथपत्रों का सत्यापन कराने का निर्देश दिया था, जिसके चलते 10 अगस्त को ऊन ब्लाक परिसर में क्षेत्र पंचायत सदस्यो के शपथ पत्रो का सत्यापन एसडीएम ऊन के समक्ष होना था।
उधर, मंगलवार को ब्लाक प्रमुख मेमकला के पति कर्मबीर सिंह ने गांव बेदखेड़ी में रोहिताश के आवास पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक बुलाई, जिसमें 70 सदस्यों ने भाग लिया। सदस्यों ने प्रमुख के पति के प्रति नाराजगी जाहिर की। सदस्यों का कहना था कि दो साल के भीतर उनके ब्लाक क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो पाए। इस पर ब्लाक प्रमुख के पति कर्मबीर ने माफी मांगकर भविष्य में कोई शिकायत का मौका नहीं देने का आश्वासन दिया। सदस्यों ने 10 अगस्त को उनके पक्ष में गवाही देने की बात कही है। बैठक में वजीर खां, रामकुमार, प्रताप, धर्मबीर सिंह, हरनेक सिंह, वर्षा देवी, शफात खां, मुस्तकीम, रणबीर सिंह, कादिर, प्रमोद सैनी, हरजीत सिंह, विश्राम, मांगेराम पटनी सहित अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे। अध्यक्षता सरदार फकीर सिंह और संचालन विनोद गंदेवडा ने किया।