कैराना। क्रय केंद्रों पर गेहूं की आवक नहीं होने के कारण प्रशासन द्वारा दिया गया निर्धारित लक्ष्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। बीते दिनों मौसम में परिवर्तन होने के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल ने किसानों की चिंता बढ़ाई। इसका सीधा असर गेहूं क्रय केंद्रों पर देखने को मिल रहा है। कैराना ब्लॉक क्षेत्र के आर्यपूरी देहात, ऊंचागांव, भूरा और इस्सोपुर खुरगान/मलकपुर में गेहूं क्रय केंद्र स्थापित हैं। ये सभी केंद्र गेहूं की आवक नहीं होने कारण सूने पड़े हैं।
आर्यपुरी देहात क्रय केंद्र पर मौजूद मार्केटिंग इंस्पेक्टर सुशील साहू ने बताया कि इस केंद्र को 3600 क्विंटल गेहूं खरीदने का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन यहां पर अभी तक कोई भी किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचा है। गेहूं का समर्थन मूल्य 1840 रुपये है। इसमें किसान को 20 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से उतार चढ़ाई और छनाई के मजदूरों को देने होंगे। केंद्र पर गेहूं बेचने वाले किसानों के खातों में 48 से 72 घंटे के बीच भुगतान आनलाइन भेज दी जाएगी। कृषि विभाग में पंजीकृत किसान गेहूं क्रय केंद्र पर गेहूं बेच सकेंगे। उनके लिए भी खसरा-खतौनी, आधार कार्ड व बैंक की पासबुक की फोटो कापी लाने की अनिवार्यता है। जब अभी तक गेहूं क्रय केंद्रों का खाता भी नहीं खुला पाया है। तहसीलदार रनबीर सिंह ने बताया कि गेहूं क्रय केंद्रों पर संपूर्ण व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी आरएमओ निहारिका ने बताया कि हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक गेहूं सरकारी क्रय केंद्रों पर लाया जाए। इसके लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।