थानाभवन। रामनवमी के अवसर पर हसनपुर लुहारी गांव में भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल झांकियों ने लोगों का मनमोह लिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
रविवार को गांव के बाईपास स्थित श्रीराम मंदिर में पहले हवन पूजन का आयोजन किया गया। हवन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर करीब दो बजे बाजार के रामलीला मैदान से भगवान राम की शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, शिव-पार्वती, ब्रह्मा, विष्णु, महेश आदि भगवान की सुंदर-सुंदर झांकियों ने लोगों का मनमोह लिया। इस दौरान यात्रा में शामिल डीजे व बैंड-बाजों पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर मैन बाजार, मोहल्ला पेलावाली, एसबीआई गली, बस स्टैंड, मोहल्ला कुरैशियान से होते हुए श्रीराम मंदिर पर आकर संपन्न हुई। मौके पर अतर सिंह सैनी, प्रीतम सिंह, धर्मपाल सिंह, प्रमोद सिंह, विशांत सैनी, सन्नी सिंह, मास्टर नितिन, दीपक, राकेश सैनी, अरविंद सैनी, अंकुश सैनी आदि शामिल रहे। उधर, रविवार को रामनवमी के उपलक्ष्य में थाना परिसर में हवन पूजन का आयोजन किया गया। इस मौके पर थाना प्रभारी संदीप बालियान के साथ पूरे स्टॉफ ने हवन में भाग लेकर आहुति डाली। हवन के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया।
स्वामी शांति देव महाराज की पुण्यतिथि मनाई
कस्बे के आश्रम पंचतीर्थ में रविवार को स्वामी शांति देव महाराज की 16वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान सुबह महंत रामदेव ने हवन पूजन किया। इस दौरान काफी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति डाली। हवन के बाद प्रवचन व भंडारे का आयोजन किया गया। मौके पर भारत भूषण शर्मा, बॉबी अरोड़ा, गुलशन चावला, तरुण मिगलानी, बिहारीलाल बांगा, सचिन नारंग, धर्मेंद्र पंडित, शिवलखन पुजारी आदि मौजूद रहे।