आयुष्मान योजना से मिली नई जिंदगी
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को नई जिंदगी मिल रही है। हार्ट की बीमारी से जूझ रही फरमान और कुसुम का शामली के गंगा अमृत स्पेशलिटी अस्पताल में आपरेशन हुआ। उन्होंने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान से उन्हें नवजीवन मिला है।
शामली के चौसाना क्षेत्र के गांव भड़ी निवासी फरमान ने बताया कि वह मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन पोषण कर रहा है। करीब एक साल पहले उसे बुुुखार आया था। उसने पहले निजी चिकित्सकों के यहां उपचार कराया। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इस बीच उसे पता लगा कि उसे हार्ट की बीमारी है। आपरेशन पर करीब तीन लाख का खर्च बताया गया। कुछ दिन पहले आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख तक की फ्री उपचार होने की जानकारी मिली। आयुष्मान आयोग्य मित्र नीलम चौधरी ने बताया कि तीन दिन पहले फरमान गंगा अमृत स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचे। हॉस्पिटल संचालक डाक्टर सुनील पवार ने उनका हार्ट का आपरेशन कर वाल रिपलेसमेंट किया। फरमान व उसके परिवारजनों ने आयुष्मान योजना की सराहना की। इसके अलावा बागपत निवासी कुसुम पत्नी प्रदीप को भी हार्ट की बीमारी थी। वह दिल्ली, मेरठ समेत कई अस्पताल में उपचार कराने गई। सभी ने आपरेशन के लिए तीन लाख से अधिक का खर्च बताया। गंगा अमृत अस्पताल में उनका हार्ट का आपरेशन कर दो वाल्व रिप्लेस किए गए। आरोग्य मित्र नीलम चौधरी ने बताया कि अस्पताल में अभी तक आयुष्मान योजना के तहत करीब दो दर्जन से अधिक मरीजों का उपचार किया गया है। जिसमें कई के आपरेशन कर बाईपास सर्जरी और स्टंट डाले गए हैं।