शामली। प्रदेश सरकार के गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री अनुपमा जायसवाल ने शामली में जनसभा के दौरान पूर्व की सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
रविवार रात शामली में हनुमान रोड पर आयोजित जनसभा में गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने चार साल पूर्व शामली में हुई सांप्रदायिक घटना को याद कराया। कहा कि तत्कालीन सरकार में पुलिस ने लोगों पर लाठियां बरसाई थीं, उसे शामली भूल नहीं सकती है। आज किसी की हिम्मत नहीं कि व्यापारी से रंगदारी मांग सके। यदि कोई बदमाश ऐसी हरकत करेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, उन्होंने एक प्रत्याशी के वाट्सऐप पर वायरल फोटो पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब टोपी बदलने वालों को जनता सबक सिखाएगी।
वहीं, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री अनुपमा जायसवाल ने कहा कि भाजपा विचारधारा के साथ कार्य कर रही है, तभी हर योजना जनता के हित में बनाई जा रही है। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी, कैराना से सांसद हुकुम सिंह, शामली से विधायक तेजेंद्र निर्वाल और मृगांका सिंह ने भी विचार रखे। इस दौरान संजीव सिक्का, जिलाध्यक्ष पवन तरार, नीरज शर्मा, प्रसन्न चौधरी, यशपाल पंवार, डाक्टर विपिन कौशिक, महेश बंसल, अजय संगल, मोहित जैन, जेके जैन, कंवरबीर कांबोज, घनश्यामदास गर्ग आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।