पुलिस आरक्षी भर्ती में चयनित चार अभ्यर्थी मेडिकल जांच में अनफिट
शामली। पुलिस आरक्षी भर्ती 2018 में चयनित अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच में पांचवें दिन चार अभ्यर्थी अनफिट रहे। एक सौ अभ्यर्थियों में दो अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
पुलिस आरक्षी भर्ती 2018 में जिले के करीब 559 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इन अभ्यर्थियों की पुलिस लाइन में मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन का कार्य चल रहा है। रोज की तरह सोमवार को भी 100 अभ्यर्थियों को मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन के लिए बुलवाया गया था। जिला स्तरीय मेडिकल बोर्ड के चिकित्सकों ने अभ्यर्थियों की जांच की। नोडल अधिकारी सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह की देखरेख में अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन का कार्य हुआ। पुलिस लाइन के आरआई संजय सिंह ने बताया कि सोमवार को बुलाए गए 100 अभ्यर्थियों में 98 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि दो अनुपस्थित रहे। मेडिकल जांच में चार अभ्यर्थी अनफिट रहे। मेडिकल बोर्ड ने एक अभ्यर्थी की आंख में कमी होना बताया गया। एक अभ्यर्थी के घुटने में ओर दो अभ्यर्थियों की नसों में कमी होना बताते हुए अनफिट घोषित किया है। आरआई ने बताया कि अनफिट अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच के लिए एक और मौका मिलेगा। जिला स्तरीय मेडिकल बोर्ड द्वारा अनफिट अभ्यर्थियों की मंडल स्तर पर गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच और चरित्र सत्यपान किया जाएगा।