नाली पर अतिक्रमण करने का आरोप
गढ़ीपुख्ता। कस्बे में दो लोगों पर रास्ते पर पशुओं की खोर बनाने और नाली पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए नागरिकों ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कस्बा गढ़ीपुख्ता के मोहल्ला शिवपुरी निवासी श्रीमोहन शर्मा, जयपाल सिंह और जयपाल सिंह आदि ने गढ़ीपुख्ता थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि मोहल्ले के दो लोगों ने आम रास्ते पर ही पशुओं की खोर बनाकर उसे पक्का कराकर नाली पर भी अतिक्रमण कर रखा है, जिसके कारण गली में गंदगी का साम्राज्य बना हुआ है और लोगों का निकलना भी दूभर हो गया है। उन्होंने गढ़ीपुख्ता पुलिस से रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने की मांग की है।
युवक को मारपीट कर किया घायल
गढ़ीपुख्ता। कस्बा गढ़ीपुख्ता के मोहल्ला चौधरान निवासी रामपाल गिरि ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वह अपने पुत्र विनय के साथ दवा लेने बाजार जा रहा था, इसी बीच एक युवक तेजी के साथ बाइक पर आया। तेज गति होने से बाइक की टक्कर विनय को लग गई। जब उसने टक्कर लगने का विरोध जताया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके पुत्र के सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया। शोरशराबा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।