जनपद में 21 अप्रैल को होने वाली नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा को लेकर बुधवार को बैठक हुई। जिसमें परीक्षा को शांतिपूर्वक कराने और नकलविहीन कराने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
वीवी इंटर कॉलेज में हुई बैठक में बताया कि 10 परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा होगी। नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य बीसी पंत ने सभी को नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जारी किए दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने सभी से परीक्षा को नकलविहीन व सफलता पूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र अध्यक्षों को परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने अपने कॉलेज के सभी कक्ष निरीक्षकों की बैठक लेकर दिशा निर्देश देने के लिए कहा। वहीं केंद्र पर बच्चों को परीक्षा समय से आधा घंटा पहले ही अंदर भेजने के भी आदेश दिए। जिससे छोटे बच्चों को कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने अधिक नामांकन भरवाने के चलते कार्यवाहक डीआईओएस चंद्रशेखर और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
डीआईओएस ने भी सभी केंद्र अध्यक्षों को परीक्षा ध्यानपूर्वक नियमों के अनुसार ही कराने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य ने बताया कि जिन परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र नहीं मिला है वह सभी नवोदय विद्यालय या अपनी नजदीकी बीआरसी कार्यालय से प्राप्त कर सकते है। परीक्षा पूर्वाह्न 11.30 बजे से 1.30 बजे तक होगी। इस दौरान बीएसए भारत भूषण, बिजेंद्र, राकेश, अनुराग शर्मा, एसके आर्य, हरबिंदर, अनिल आदि मौजूद रहे।