गांव ढिंढाली में ऊन शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर चार दिन से तौल बंद होने पर नाराज किसानों ने शुगर मिल कर्मियों की बस रोक कर हंगामा किया। शुगर मिल के प्रबंधक ने (गन्ना) मौके पर पहुंचे और दो दिन में किसानों की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
रविवार को ऊन शुगर मिल कर्मियों को लेकर बस चालक जब मिल की तरफ जा रहा था, तो रास्ते में ढिंढाली के किसानों ने बस रोक दी। किसानों का कहना था कि ढिंढाली क्रय केंद्र पर बीते चार दिन से गन्ना तौल नहीं हो रही है। किसानों ने क्रय केंद्र पर गन्ना डाला हुआ है, जिस कारण किसान परेशानी में आ गए हैं। शुगर मिल कर्मियों की बस रोकने की सूचना पर मिल के प्रबंधक (गन्ना) वीरेंद्र कुमार लूथरा अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों से वार्ता की और बताया कि तौल लिपिक कार्य नहीं कर रहे हैं, जिस कारण गन्ना खरीद नहीं हो पा रही है। आश्वासन दिया कि दो दिन में गन्ना तौल शुरू करा दी जाएगी। इसके बाद शुगर मिल कर्मियों की बस रवाना की गई। इस दौरान किसान अनुज, टीनू, विक्रांत, विपिन, राजबीर, पप्पू, अंकित, बेदपाल, अमनपाल, नीटू, मोनू, मनोज और विक्की आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे है।